BREAKING NEWS:- सावरा जी के दर्शन करने जा रहे युवकों की कार डिवाइडर से टकराई और ट्रक में जा घुसी; नयागांव के सड़क हादसे में दो की मौत: एक का उपचार जारी
नागदा से सावरा जी के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की एक सेंट्रो कार MP 04 CB 3666 शुक्रवार रात असंतुलित होकर डिवाइडर से टकराती हुई ट्रक में जा घुसी। हादसा इतना भयानक था कि कार में सवार तीन युवकों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है।
मृतकों की पहचान राहुल पिता महादेव व्यास उम्र 27 वर्ष निवासी बनबना, मनीष पिता नंद किशोर बैरागी उम्र 23 वर्ष निवासी बनबना नागदा तहसील के रुप में की गई है। वहीं, घायल नाहर सिंह पिता विजय सिंह उम्र 29 वर्ष निवासी जेलीय खेड़ी गोसला तहसील को उपचार के लिए उज्जैन रेफर किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक राहुल की 4 और 2 साल की दो मासूम बच्चियां है, जिनके सिर से अब पिता का हाथ उठ गया है।
नयागांव थाने में पदस्थ एएसआई एच एस सिसोदिया ने जानकारी देते हुए बताया कि करीब शुक्रवार रात 11 बजे यह भीषण सड़क हादसा हुआ है। जिसमें 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है और एक गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसे के बाद टोल की एंबुलेंस से सहायता से मृतक और घायलों को जिला चिकित्सालय लाया गया।
