रामपुरा । शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामपुरा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के शिविर के चतुर्थ दिवस ग्राम खेतपालिया में स्वच्छता अभियान का कार्य किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों ने स्वच्छता और जनस्वास्थ्य के उद्देश्य से रैली के माध्यम से जन जागरूकता का संदेश जन-जन को दिया। ग्राम खेतपलिया के अलग-अलग स्थानों पर विद्यार्थियों के समूहों ने स्वच्छता अभियान के अंतर्गत कटीली झाड़ियों बड़े-बड़े पत्थरों और पॉलिथीन को इकट्ठा कर क्षेत्र को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जाकिर हुसैन बोहरा ने विद्यार्थियों के इस कार्य का निरीक्षण किया और स्वच्छता अभियान के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया । बौद्धिक सत्र का शुभारंभ मां सरस्वती और युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया । सफलता मुजावदिया चेतना और निखत जहां ने सरस्वती वंदना का गायन किया। बौद्धिक सत्र के मुख्य वक्ता स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नीमच के वनस्पति शास्त्र के प्राध्यापक प्रो.एच.के.तुगनावत थे । अतिथि परिचय श्री महेश चांदना जी द्वारा दिया गया । विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आपने जैव विविधता का किस प्रकार से आकलन किया जाए तथा जैव विविधता के लिए क्या आवश्यक केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय योजनाएं हैं तथा उसमें क्या भविष्य की संभावना है इस पर सारगर्भित विचार विद्यार्थियों से साझा किए। आपने एन.एस.एस को एक अच्छा माध्यम माना कि विद्यार्थी एन.एस.एस के द्वारा ग्रामों में विलुप्त होती प्रजातियो पेड़ पौधों जंगली झाड़ियों और औषधि फसलों तथा वन्य जीव की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और उनके संरक्षण से संबंधित प्रयास कर सकते हैं। आपने कई औषधीय फसलों जैसे तुलसी नीम आंवला अश्वगंधा आदि के वैज्ञानिक कारणों पर भी चर्चा की एवं गाजर घास उन्मूलन के भी उपाय बताएं।जैव विविधता से संबंधित प्रश्नोत्तरी के माध्यम से आपने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया । राष्ट्रीय सेवा योजना के पूर्व विद्यार्थी एवं बारवडिया पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि श्री प्रकाश रत्नावत ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में राष्ट्रीय सेवा योजना एक महत्वपूर्ण स्थान रखती है और इसके माध्यम से विद्यार्थी अपने जीवन में कई ऐसे कार्यों को सीखता है जिससे कि राष्ट्र और समाज की सेवा की जा सके। आपने विभिन्न कृषि संबंधी सरकारी योजनाओं जैसे बंजर भूमि योजना,कपिलधारा योजना, मनरेगा, नंदन फलोद्यान योजना, बलराम तालाब योजना, सुरक्षा भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी विद्यार्थियों को प्रदान की। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी प्रो.आशीष कुमार सोनी ने विद्यार्थियों को जैव विविधता वाले क्षेत्रों की समस्याओं और उनके संरक्षण के लिए सरकारी प्रयासों को जानने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। संचालन चेतना द्वारा किया गया और आभार सुमेर सिंह राठौर ने माना। उक्त जानकारी डॉ.मुक्ता दुबे द्वारा दी गई।
