BREAKING NEWS:- नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद दतिया में भारी हंगामा, दिल्ली कूच कर सकते हैं कई समर्थक !
दतिया उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा को बीजेपी टिकट न मिलने से उनके समर्थक उग्र हो गए हैं. पार्टी ने आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाया है. सूत्रों के अनुसार, इंटरनल सर्वे में मिश्रा की जीत की संभावना कमजोर बताई गई थी, इसलिए केंद्रीय नेतृत्व ने यह फैसला लिया.खबर है आज मिश्रा के समर्थक दिल्ली पहुंचकर शीर्ष नेतृत्व से मिश्रा को टिकट देने की मांग करेंगे.
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने जा रहे हैं, लेकिन टिकट वितरण को लेकर बीजेपी में बवाल मच गया है. उपचुनाव में बीजेपी ने नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिया, उनकी जगह पार्टी ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया जिससे उनके समर्थकों में भारी नाराजगी है. समर्थकों ने शहर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया, वो लगातार नरोत्तम मिश्रा को टिकट देने की मांग कर रहे हैं. इस बीच खबर है कि आज (शनिवार, 11 जुलाई) कई समर्थक दिल्ली जा सकते हैं.
सूत्रों के मुताबिक नरोत्तम मिश्रा के समर्थक दिल्ली जाकर आशुतोष तिवारी की जगह मिश्रा को टिकट देने की मांग करेंगे. वहीं, नरोत्तम मिश्रा भी दिल्ली पहुंच गए हैं, माना जा रहा है कि वो इस मामले को लेकर आज राष्ट्रीय नेतृत्व से मुलाकात कर सकते हैं.
समर्थकों ने काटा बवाल
इधर नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने बीते दिन (शुक्रवार, 10 जुलाई) को शहर में जमकर बवाल काटा. समर्थकों ने पार्टी,के फैसले कि विरोध में कई दुकानों को बंद करा दिया. समर्थकों ने बीजेपी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया. NH 44 पर समर्थक डटे रहे. उन्होंने करीब 10 से 11 घंटे जाम लगाकर रखा. जिससे 50 किलोमीटर के लगभग जाम की स्थिति बन गई और हजारों गाड़ी फंस गई.
पुलिस पर की पत्थरबाजी
पुलिस प्रशासन के समझाने के बाद भी समर्थक नहीं माने. उन्होंने पुलिस पर पत्थर बाजी शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने अपने बचाव के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े और कार्यकर्ताओं पर लाठियां चलाईं. जिससे कुछ देर के लिए हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए.
हालात पर प्रशासन की नजर
समर्थक अभी भी नेशनल हाईवे पर डटे हुए हैं. उनका आक्रोश बढ़ता नजर आया और वो अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी कर रहे है. जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है. प्रशासन और पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर जाम समाप्त कराने का कोशिश कर रहे हैं. फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण की स्थिति बनी हुई है.
‘माहौल खराब करने की कोशिश’
दतिया के SP ने कहा कि कल शहर में 3000 से ज़्यादा उपद्रवियों ने माहौल खराब करने की कोशिश की. उन्होंने बाज़ार बंद कराने की कोशिश की. उन्होंने बताया कि वो कल शाम 6 बजे से ही ‘चक्का जाम’ के लिए बैठे थे. आज सुबह करीब 4 बजे उन्होंने अचानक पुलिस पर पथराव किया.
