BREAKING NEWS:-जनसुनवाई में जरूरतमंदों को मिला संबल कलेक्टर ने रेडक्रॉस से 93 हजार रुपये की सहायता की स्वीकृत !

BREAKING NEWS:-जनसुनवाई में जरूरतमंदों को मिला संबल कलेक्टर ने रेडक्रॉस से 93 हजार रुपये की सहायता की स्वीकृत !


नीमच, 10 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जनसुनवाई में आर्थिक रूप से अत्यंत जरूरतमंद आवेदकों की परिस्थितियों को संवेदनशीलता से समझते हुए विभिन्न प्रकरणों में रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से कुल 93 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर भुगतान के निर्देश दिए हैं। सहायता ऐसे परिवारों और व्यक्तियों को उपलब्ध कराई जा रही है, जिन्हें उपचार, शिक्षा, स्वरोजगार अथवा तात्कालिक जीवन-यापन की आवश्यकता के चलते तत्काल आर्थिक संबल की जरूरत है।

जनसुनवाई में इन प्रकरणों में दी गई सहायता—

* प्रसव उपचार के लिए 20 हजार रुपये:

एक आवेदिका ने अपनी पुत्री के प्रसव संबंधी उपचार के लिए आर्थिक सहायता का अनुरोध किया। आवेदिका की आर्थिक स्थिति एवं उपचार की निरंतर आवश्यकता को देखते हुए कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने रेडक्रॉस सोसायटी से 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर भुगतान के निर्देश दिए।ज्ञात हो कि आवेदिका को उपचार हेतु पूर्व में भी एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई थी।

* स्वरोजगार के लिए दिव्यांग आवेदक को 10 हजार रुपये:

एक पैर से दिव्यांग आवेदक ने आर्थिक कठिनाइयों के कारण चाय की दुकान शुरू कर स्वरोजगार करने के लिए सहायता मांगी। आवेदक की दिव्यांगता, आर्थिक स्थिति और स्वरोजगार की इच्छा को देखते हुए रेडक्रॉस सोसायटी से 10 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत की गई।

* कैंसर उपचार के लिए 15 हजार रुपये:

एक आवेदिका ने अपने पुत्र के कैंसर उपचार के लिए आर्थिक सहायता का अनुरोध किया। उपचार के लिए परिवार द्वारा खेत बेचकर राशि जुटाने तथा इलाज के लिए जयपुर आने-जाने में हो रही कठिनाइयों को देखते हुए प्रकरण की गंभीरता के आधार पर रेडक्रॉस सोसायटी से 15 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत कर भुगतान के निर्देश दिए गए।

* हृदय रोग से पीड़ित बच्चे की स्कूल फीस के लिए 8 हजार रुपये:

एक आवेदिका ने अपने पुत्र के हृदय संबंधी उपचार तथा स्कूल फीस के लिए आर्थिक सहायता का अनुरोध किया। बच्चे का इंदौर में ऑपरेशन हो चुका है और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। प्रकरण में रेडक्रॉस सोसायटी से 8 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर स्कूल फीस के भुगतान के निर्देश दिए गए।

* निराश्रित महिला को तात्कालिक सहायता के लिए 5 हजार रुपये:

एक आवेदिका ने पति एवं एक पुत्र की मृत्यु तथा दूसरे पुत्र के अलग रहने के कारण आय का कोई साधन नहीं होने और जीवन-यापन में कठिनाई की जानकारी दी। आवेदिका की निराश्रित स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने रेडक्रॉस सोसायटी से 5 हजार रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता स्वीकृत की।

* भाई-बहनों की शिक्षा के लिए 35 हजार रुपये:

माता के निधन के बाद दो छोटे भाई-बहनों की पढ़ाई प्रभावित होने की जानकारी देने वाली आवेदिका ने शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता मांगी। परिवार की आर्थिक स्थिति और बच्चों की शिक्षा की निरंतरता को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने रेडक्रॉस सोसायटी से 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर भुगतान के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा की संवेदनशील पहल से जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों का केवल औपचारिक निराकरण ही नहीं किया जा रहा है, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति की वास्तविक परिस्थिति और तत्काल आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए रेडक्रॉस के माध्यम से यथासंभव त्वरित आर्थिक संबल उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे उपचार, शिक्षा, स्वरोजगार और जीवन-यापन जैसी महत्वपूर्ण आवश्यकताओं के लिए संघर्ष कर रहे परिवारों को राहत मिल रही है।

और नया पुराने