BREAKING NEWS:- फसल बीमा की राशि समय पर नहीं मिलने से नाराज़ किसानों ने आज जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर सरकार और संबंधित विभाग के खिलाफ नाराज़गी जताई तथा अपनी मांगों को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा !
रामपुरा। नीमच जिले की रामपुरा तहसील के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम चेनपुरिया, रावलीकुड़ी के ग्रामीणों ने सोमवार को तहसील कार्यालय पहुंचकर में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने फसल बीमा राशि के भुगतान में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र भुगतान की मांग की।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि रामपुरा तहसील क्षेत्र के अधिकांश गांवों के किसानों को फसल बीमा राशि का लाभ मिल चुका है, लेकिन चेनपुरिया, रावलीकुड़ी के पात्र किसानों को अभी तक बीमा राशि प्राप्त नहीं हुई है। इससे किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि प्राकृतिक आपदाओं और फसल नुकसान के बाद मिलने वाली बीमा राशि ही उनके लिए राहत का प्रमुख सहारा है, लेकिन भुगतान में हो रही देरी से उन्हें खेती और परिवार के खर्चों को लेकर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने तहसीलदार से मांग की कि संबंधित विभाग और बीमा कंपनी से समन्वय कर लंबित फसल बीमा राशि का जल्द से जल्द भुगतान सुनिश्चित कराया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को राहत मिल सके। तहसीलदार कमलेश धाड़वे ने ग्रामीणों का ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
