BREAKING NEWS:-महिला स्वयं सहायता समूह संचालकों एवं महिला रसोइयों की 21 सितंबर से शुरू हुई चौका-चूल्हा बंद हड़ताल मंगलवार को भी जारी रही ।

BREAKING NEWS:-महिला स्वयं सहायता समूह संचालकों एवं महिला रसोइयों की 21 सितंबर से शुरू हुई चौका-चूल्हा बंद हड़ताल मंगलवार को भी जारी रही । 

नीमच - मानदेय बढ़ाने, लंबित भुगतान जारी करने और विभिन्न मांगों को लेकर महिला स्वयं सहायता समूह संचालकों एवं महिला रसोइयों की 21 सितंबर से शुरू हुई चौका-चूल्हा बंद हड़ताल मंगलवार को भी जारी रही।

संगठन की ओर से मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपकर मांगों के निराकरण की मांग की गई। संगठन का कहना है कि उन्हें समय पर मानदेय का भुगतान नहीं मिल रहा है। समूह संचालकों को 10 माह के बजाय 12 माह का मानदेय देने, लंबित राशि का भुगतान करने, पोषण आहार की लागत और बचत राशि का मानदेय में शामिल करने सहित अन्य मांगें रखी गई हैं।

महिला समूह संचालकों ने बताया कि वे आंगनवाड़ी, पूरक पोषण आहार और शासकीय स्कूलों में मध्यान्ह भोजन योजना का संचालन कर रही हैं, लेकिन सीमित मानदेय और भुगतान में देरी के कारण आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जुलाई के भुगतान की प्रक्रिया पूरी, अगस्त की राशि अभी प्राप्त नहीं

जिला पंचायत सीईओ के अनुसार, जुलाई माह के भुगतान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जबकि अगस्त की राशि अभी प्राप्त नहीं हुई है। बताया गया कि खातों की जानकारी में त्रुटि होने पर बिल अस्वीकृत होने की संभावना रहती है, जिसके कारण भुगतान प्रक्रिया में समय लग रहा है।

वहीं, बच्चों को भोजन मिलने में समस्या को लेकर अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं होने की बात भी अधिकारियों ने कही है। संगठन ने मांग की है कि बच्चों की भोजन व्यवस्था सुचारू रखने के साथ-साथ उनकी मांगों का जल्द निराकरण किया जाए।

अब देखना होगा कि महिला समूह संचालकों और रसोइयों की इन मांगों पर प्रशासन की ओर से क्या निर्णय लिया जाता है। 

और नया पुराने