BREAKING NEWS:- गांधी सागर बांध की सुरक्षा से खिलवाड़: प्रतिबंध के बावजूद बेखौफ दौड़ रहे भारी वाहन, सीसीटीवी भी बेअसर....

BREAKING NEWS:- गांधी सागर बांध की सुरक्षा से खिलवाड़: प्रतिबंध के बावजूद बेखौफ दौड़ रहे भारी वाहन, सीसीटीवी भी बेअसर....

मंदसौर। जिले के ऐतिहासिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण गांधी सागर बांध की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा मामला सामने आया है। शासन द्वारा बांध पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद, नियमों को ताक पर रखकर अवैध डंपरों की आवाजाही धड़ल्ले से जारी है।

रात के अंधेरे में 'खेल'.....

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह अवैध गतिविधि मुख्य रूप से रात 12:00 बजे से लेकर सुबह 10:00 बजे के बीच चरम पर होती है। हैरानी की बात यह है कि प्रवेश द्वार पर स्पष्ट रूप से 'भारी वाहन प्रवेश वर्जित' का बोर्ड लगा होने के बाद भी, बिना नंबर प्लेट वाले डंपर बेखौफ होकर बांध से गुजर रहे हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल....

गांधी सागर बांध की सुरक्षा के लिए वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहते हैं। इसके बावजूद बिना नंबर प्लेट के भारी वाहनों का निकलना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े करता है। क्या ये कैमरे सिर्फ शोपीस बनकर रह गए हैं? आखिर किसकी शह पर इन प्रतिबंधित वाहनों को रास्ता दिया जा रहा है?

बड़ी अनहोनी की आशंका...

बांध की संरचना पर भारी वाहनों के दबाव से भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना या सुरक्षा चूक से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर लगाम नहीं लगाई गई, तो यह लापरवाही पूरे जिले के लिए भारी पड़ सकती है।

कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग...

मामले की गंभीरता को देखते हुए अब जिला प्रशासन और मंदसौर कलेक्टर से इस ओर तत्काल ध्यान देने की मांग की जा रही है। आम जनता का सवाल है कि इस सुरक्षा चूक का जिम्मेदार कौन है? क्या प्रशासन उन 'सफेदपोश' चेहरों या अधिकारियों पर कार्रवाई करेगा जिनके इशारों पर यह अवैध परिवहन संचालित हो रहा है? 

और नया पुराने