BREAKING NEWS :-रामपुरा में 100 बिस्तरीय अस्पताल की कैबिनेट स्वीकृति पर विधायक मारू ने जताया आभार...

BREAKING NEWS :-रामपुरा में 100 बिस्तरीय अस्पताल की कैबिनेट स्वीकृति पर विधायक मारू ने जताया आभार...


मनासा। मनासा विधानसभा क्षेत्र के रामपुरा नगर में 100 बिस्तरीय आधुनिक शासकीय अस्पताल को मध्यप्रदेश मंत्रिमंडल से स्वीकृति मिलने पर विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने मुख्यमंत्री सहित प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। विधायक मारू ने कहा कि रामपुरा में 100 बिस्तरीय अस्पताल की स्वीकृति क्षेत्र की जनता के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग रही इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना को मंजूरी मिलने से मनासा विधानसभा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लाखों लोगों को बेहतर एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल, स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल तथा जिला प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया के प्रति मनासा विधानसभा की जनता की ओर से हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। विधायक मारू ने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण और अंत्योदय की भावना के साथ विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। रामपुरा में 100 बिस्तरीय अस्पताल की स्थापना से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलेगी, मरीजों को बेहतर उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा तथा समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में लगातार ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। रामपुरा अस्पताल की स्वीकृति भी उसी जनहितैषी सोच का परिणाम है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। विधायक मारू ने विश्वास व्यक्त किया कि अस्पताल के निर्माण पूर्ण होने के बाद मनासा विधानसभा क्षेत्र स्वास्थ्य सुविधाओं के मामले में और अधिक सशक्त होगा तथा आमजन को इसका व्यापक लाभ प्राप्त होगा।

और नया पुराने